गढकरी जी
माननीय श्री नितिन गडकरी जी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री, भारत सरकार
विषय: केदारनाथ धाम को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-107 (NH-107) की अत्यंत जर्जर स्थिति के संबंध में।
माननीय गडकरी जी,
सादर प्रणाम।
मैं उत्तराखंड का एक सामान्य नागरिक एवं इस क्षेत्र का मूल निवासी हूँ। बड़े विश्वास और आशा के साथ आपको यह पत्र लिख रहा हूँ, क्योंकि मुझे विश्वास है कि यदि यह विषय आपके संज्ञान में आएगा तो निश्चित रूप से इस पर गंभीरता से विचार होगा। केदारनाथ धाम देश के सबसे पवित्र तीर्थस्थलों में से एक है। प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु तथा हजारों स्थानीय लोग राष्ट्रीय राजमार्ग-107 (NH-107) से होकर यात्रा करते हैं। किंतु विशेष रूप से कुंड से गुप्तकाशी तक सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय, जर्जर एवं दुर्घटनाओं को खुला निमंत्रण देने वाली है।कई स्थानों पर सड़क टूटी हुई है, गड्ढों से भरी है तथा संकरी और असुरक्षित हो चुकी है। आश्चर्य की बात यह है कि अब तक कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई है। ऐसा प्रतीत होता है कि यह केवल बाबा केदारनाथ जी की कृपा है कि यात्रियों की रक्षा हो रही है। अन्यथा इस सड़क की वर्तमान स्थिति किसी भी समय गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
मेरी आपसे विनम्र प्रार्थना है कि आप स्वयं या आपके मंत्रालय का कोई वरिष्ठ अधिकारी इस मार्ग पर कुंड से गुप्तकाशी तक सड़क मार्ग से यात्रा करे। वास्तविक स्थिति को स्वयं देखने के बाद ही इस समस्या की गंभीरता का सही आकलन हो सकेगा।
दुःख की बात यह है कि स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं प्रशासन या तो इस समस्या को आपके समक्ष प्रभावी ढंग से नहीं रख पा रहे हैं या फिर आवश्यक इच्छाशक्ति का अभाव दिखाई देता है। परिणामस्वरूप वर्षों से केवल छोटे-मोटे मरम्मत कार्य होते रहे हैं, जबकि सड़क की स्थिति लगातार बिगड़ती गई है। इसके अतिरिक्त गुप्तकाशी से ल्वारा होते हुए कुंड तक बनने वाला वैकल्पिक संपर्क मार्ग भी अब तक अपेक्षित रूप से तैयार नहीं हो पाया है। उसकी स्थिति भी मुख्य सड़क से कम खराब नहीं है, बल्कि कई स्थानों पर उससे भी अधिक दयनीय है।
पिछले लगभग 10 वर्षों से इस पूरे क्षेत्र की सड़कें लगातार खराब होती जा रही हैं। हर बार जब मैं अपने गाँव लौटता हूँ तो यही उम्मीद रहती है कि शायद इस बार स्थिति सुधरी होगी, लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लगती है। यह केवल सड़क का विषय नहीं है, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्थानीय लोगों के जीवन, पर्यटन और क्षेत्र के विकास का प्रश्न है। प्रतिदिन हजारों लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं, फिर भी उनकी पीड़ा सुनने और स्थायी समाधान करने वाला कोई दिखाई नहीं देता।माननीय मंत्री जी, आपसे विनम्र अनुरोध है कि इस मार्ग का तत्काल निरीक्षण करवाकर इसके व्यापक पुनर्निर्माण एवं स्थायी सुधार के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान करें, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की प्रतीक्षा किए बिना लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अधिकार मिल सके। आपके सकारात्मक हस्तक्षेप की आशा के साथ।
सादर,
डा मनीश सेमवाल
Comments
Post a Comment