अंतरराष्ट्रीय स्तर पर IB तथा IGCSE जैसी परीक्षाओं में प्रयुक्त RM Assessor प्रणाली और भारत में लागू की जा रही On-Screen Marking (OSM) प्रणाली के मूल उद्देश्य में कोई विशेष अंतर नहीं है। दोनों का लक्ष्य उत्तर-पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को अधिक पारदर्शी, त्वरित और विश्वसनीय बनाना है। वास्तविक अंतर प्रशिक्षण, गुणवत्ता नियंत्रण तथा मूल्यांकन प्रक्रिया की निगरानी में दिखाई देता है। वर्ष 2009 से RM Assessor पर कार्य करने के अनुभव के आधार पर कहा जा सकता है कि इस प्रणाली में वर्षों के दौरान कोई क्रांतिकारी परिवर्तन नहीं हुआ है। समय के साथ कुछ तकनीकी सुधार, नए प्रतीकों (symbols) तथा डिजिटल एनोटेशन के विकल्प अवश्य जोड़े गए हैं, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक मानवीय और व्यवस्थित प्रतीत होती है। किंतु इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसकी संपूर्ण संरचना परीक्षक प्रशिक्षण, मानकीकरण और गुणवत्ता आश्वासन पर आधारित है। RM Assessor में किसी भी परीक्षक को वास्तविक उत्तर-पुस्तिकाओं का मूल्यांकन प्रारम्भ करने से पूर्व निर्धारित प्रशिक्षण मॉड्यूल और प्रशिक्षण कैप्सूल स्वयं पूर्ण करने होते हैं। इसके अतिरिक्त उसे...